- महिला पहलवान अंशु मलिक और पूनम फोगाट भी होंगी आकर्षण का केंद्र
जिला संवाददाता मोहम्मद इसरार, फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी नेता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नवादा शिरोली में 22 नवंबर को भव्य कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा। विधानसभा प्रभारी डॉ. जितेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस दंगल में देश के विभिन्न हिस्सों से नामचीन पहलवान अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
डॉ. जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि दंगल का आयोजन दोपहर से शुरू होगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला पहलवान अंशु मलिक (गाजियाबाद) और पूनम फोगाट (हरियाणा) सहित कई चर्चित पहलवान हिस्सा लेंगे।
दंगल में हाथरस के महान केसरी रामेश्वर पहलवान, हरियाणा के भारत केसरी सोमवीर पहलवान, हनुमानगढ़ी अयोध्या के पालन बाबा और लाठी पहलवान सहित अन्य पहलवानों के पहुंचने की संभावना है।
आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना और पारंपरिक कुश्ती कला को प्रोत्साहित करना है। दंगल को लेकर क्षेत्र में तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों ने कुश्ती प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।



