- 2.52 लाख रुपये नकद, ट्रांसफार्मर का सामान और चोरी के उपकरण बरामद; दो कारें व अवैध हथियार भी मिले
रामपुर। शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर जनपद के थाना स्वार पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 52 हजार रुपये नकद, 15 किलोग्राम तांबे का तार, ट्रांसफार्मर की 36 प्लेटें, नट-बोल्ट और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान दो कारें, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो अवैध चाकू भी बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी स्वार के पर्यवेक्षण में थाना स्वार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मिलक भूवरी स्थित तालाब के पास घेराबंदी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ताहिर पुत्र चन्दा हुसैन, आफताब अली पुत्र मौहम्मद अली, मोहसिन पुत्र जुल्फेकार, उदय कुमार पुत्र चन्द्रपाल सिंह, तस्वीर खां पुत्र शकील खां, करीम खां पुत्र शकील खां और शौकीन पुत्र वसीम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने थाना स्वार में दर्ज मुकदमा संख्या 406/26 और 407/26 से संबंधित चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। बरामद 2 लाख 52 हजार रुपये के संबंध में आरोपियों ने बताया कि यह रकम चोरी किए गए सामान को बेचकर प्राप्त की गई थी। वहीं, बरामदगी के आधार पर मोहसिन का नाम भी मामले में प्रकाश में आया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सिल्वर रंग की स्कॉर्पियो और नीले रंग की ओमनी कार भी बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी रामपुर की बाइट: पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी है और चोरी की घटनाओं में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



