- एएसआई सरबजीत सिंह और हवलदार हरदीप सिंह ने सीसीटीवी की मदद से तलाशा पर्स का असली मालिक, पुलिसकर्मियों की सराहनीय पहल की हो रही प्रशंसा
सुरेश रहेजा जिला संवाददाता
बठिंडा, 15 नवंबर (सुरेश रहेजा)। पुलिस की वर्दी केवल कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि इंसानियत और ईमानदारी का प्रतीक भी है। बठिंडा पुलिस के दो जवानों ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से इसकी मिसाल पेश की है। पेट्रोलिंग के दौरान मिले नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरे एक खोए हुए पर्स को पुलिसकर्मियों ने उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया।
जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को बठिंडा पुलिस की पीसीआर पेट्रोल नंबर-6 पर तैनात एएसआई सरबजीत सिंह और हवलदार हरदीप सिंह अपने क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक लावारिस पर्स मिला। पर्स में करीब 2,000 से 2,500 रुपये नकद के अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
दोनों पुलिसकर्मियों ने पर्स को अपने पास रखने के बजाय उसके असली मालिक का पता लगाने की जिम्मेदारी उठाई। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और जांच-पड़ताल के बाद पर्स के मालिक की पहचान जगजीत सिंह निवासी नछत्तर नगर, बठिंडा के रूप में हुई।
पुलिसकर्मियों ने जगजीत सिंह को उनका पर्स नकदी और सभी कीमती दस्तावेजों सहित सुरक्षित लौटा दिया। खोया हुआ सामान वापस मिलने पर जगजीत सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए एएसआई सरबजीत सिंह, हवलदार हरदीप सिंह और पूरी बठिंडा पुलिस टीम का आभार जताया।
बठिंडा पुलिस के दोनों जवानों की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा हो रही है। उनकी ईमानदारी ने साबित किया कि वर्दी के पीछे एक संवेदनशील इंसान भी होता है, जो अपनी ड्यूटी के साथ-साथ लोगों के विश्वास और उनकी अमानत की भी हिफाजत करता है।



