- यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने बस चालकों और परिचालकों को दिए जरूरी निर्देश, महिला हेल्पलाइन व आपातकालीन सेवाओं की दी जानकारी
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। यात्रियों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रामपुर यातायात पुलिस ने ‘मीट एंड ग्रीट’ (Meet & Greet) अभियान के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन में थाना सिविल लाइन क्षेत्र के माल गोदाम तिराहे पर बसों की जांच की गई।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, चालक और परिचालकों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इसके साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव, निर्धारित यात्री क्षमता और अन्य यातायात नियमों के पालन की भी पड़ताल की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों ने महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और आपातकालीन सेवा 112 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने की अपील की गई।
बसों में फर्स्ट एड किट की भी हुई जांच
यात्रियों को आकस्मिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बसों में फर्स्ट एड किट की उपलब्धता और उसकी स्थिति की भी जांच की गई। बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक बस में फर्स्ट एड किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो और वह उपयोग योग्य स्थिति में रखी जाए।
यातायात पुलिस रामपुर ने यात्रियों से भी अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी असुविधा अथवा आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल कर सहायता प्राप्त करें। पुलिस का उद्देश्य सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों को जागरूक करना है।



