- बस अड्डों पर पुलिस की चेकिंग, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क
- वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ममता सिंह ने संभाली कमान, महिला यात्रियों ने व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि
रामपुर से शाहबाज़ खां, जिला संवाददाता।
रामपुर। भाई दूज के पावन पर्व पर बहनों को अपने भाइयों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रामपुर में पुलिस और रोडवेज प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। त्योहार के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिसकर्मी लगातार यात्रियों की चेकिंग और पूछताछ कर रहे हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
वहीं, रामपुर रोडवेज डिपो पर भी यात्रियों की सुविधा को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ममता सिंह स्वयं बस अड्डे पर व्यवस्थाओं का जायजा लेती नजर आईं। उन्होंने बताया कि भाई दूज के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज की कई बसों का सुचारू संचालन किया जा रहा है, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
इस दौरान बस में सफर कर रही एक महिला यात्री ने भी भाई दूज के पर्व को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि भाई दूज बहनों और भाइयों के प्रेम का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती हैं। त्योहार के अवसर पर यात्रा करना और अपनों से मिलना बेहद अच्छा लग रहा है।
कुल मिलाकर भाई दूज के अवसर पर रामपुर में पुलिस की सतर्कता और रोडवेज प्रशासन की व्यवस्थाओं से यात्रियों को राहत मिलती दिखाई दी।
रिपोर्ट: शाहबाज़ खां, जिला संवाददाता, रामपुर।



