रामपुर में अम्बेडकर पार्क बदहाली का शिकार, सफाई-पानी और बिजली की व्यवस्था पर उठे सवाल

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • भारतीय अम्बेडकर सभा ने नगर पालिका पर लगाया लापरवाही का आरोप, सुधार नहीं होने पर आंदोलन की  चेतावनी 

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। सिविल लाइंस स्थित ऐतिहासिक अम्बेडकर पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर भारतीय अम्बेडकर सभा ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल पार्क पहुंचा और वहां फैली गंदगी तथा सफाई, पानी और बिजली की अव्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान संगठन के संस्थापक अविनाश तपन ने प्रेस नोट जारी कर आरोप लगाया कि नगर पालिका की लापरवाही के चलते अम्बेडकर पार्क दुर्दशा का शिकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह पार्क संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के अनुयायियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे ऐतिहासिक स्थल की उपेक्षा करना महापुरुषों के सम्मान के प्रति उदासीनता को दर्शाता है।

पार्क में जगह-जगह गंदगी, बुनियादी सुविधाएं भी बदहाल

अविनाश तपन ने बताया कि पार्क में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है, वहीं पेयजल और बिजली की सुविधाओं का भी बुरा हाल है। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अम्बेडकर पार्क रामपुर का एक ऐतिहासिक स्थल होने के साथ ही दलित समाज की आस्था का केंद्र भी है। यहां समय-समय पर सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के कार्यक्रम आयोजित होते हैं। इसके अलावा प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पार्क पहुंचते हैं। ऐसे में नियमित साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करना नगर पालिका की जिम्मेदारी है।

जल्द सुधार नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरेगा संगठन

अविनाश तपन ने नगर पालिका प्रशासन से पार्क की साफ-सफाई कराने तथा पानी और बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो भारतीय अम्बेडकर सभा नगर पालिका की कथित लापरवाही के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।

प्रतिनिधिमंडल में दीप लव, महीपाल वाल्मीकि, सुरेंद्र खत्री, धर्म कुमार वाल्मीकि, सुनील विकल, सुभाष बाबू, ओमकार सेठ, अभय कुमार और एडवोकेट मौज महबूब खां सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]