पंजाब में नशे के खिलाफ फिर गरजीं हरसिमरत कौर बादल, मानसा पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • तलवंडी साबो की महिला रैली में बोलीं- नशे की ओवरडोज से मृत युवक का शव पुलिस ने कब्जे में लिया, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग
  • अगली अकाली दल सरकार बनने पर ड्रग तस्करों की संपत्तियां जब्त कर पीड़ितों के पुनर्वास पर खर्च करने का किया ऐलान

तलवंडी साबो, 31 अक्टूबर। (सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा)

शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता एवं बठिंडा से सांसद बीबा हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और मानसा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के आदेश पर पुलिस ने नशे की ओवरडोज से जान गंवाने वाले युवक दलजीत सिंह के शव को कब्जे में लेकर परिवार को धरना स्थल तक पहुंचने से रोक दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार नशे के पीड़ित परिवारों के बजाय ड्रग माफिया का साथ दे रही है।

तलवंडी साबो में हलका इंचार्ज रविप्रीत सिंह सिद्धू की ओर से आयोजित विशाल महिला ‘मावां-धीयां ललकार इंसाफ’ रैली को संबोधित करते हुए हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि मानसा के एसएसपी ने नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि भाम्मे कलां निवासी दलजीत सिंह की मौत के बाद उसके परिजन शव को मानसा में चल रहे धरना स्थल पर ले जाना चाहते थे, जहां झोटा का परिवार न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहा है।

हरसिमरत कौर ने आरोप लगाया कि जब वह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं तो एसएसपी ने उन्हें घटना की पूरी जानकारी नहीं दी। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की भी आलोचना करते हुए कहा कि वह झोटा के परिवार से मिलने तक नहीं पहुंचे, जो लंबे समय से न्याय की मांग कर रहा है।

नशे के खिलाफ महिलाओं को एकजुट करने की अपील

हरसिमरत कौर बादल ने महिलाओं से नशे के खिलाफ लड़ाई में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अकाली दल की ओर से गठित ‘माई भागो दी फौज’ में महिलाएं बढ़-चढ़कर शामिल हो रही हैं। उन्होंने गांवों और मोहल्लों में नशे का कारोबार करने वाले तस्करों, उन्हें कथित संरक्षण देने वाले पुलिस अधिकारियों और राजनीतिक नेताओं के नाम दर्ज करने की अपील की।

उन्होंने घोषणा की कि अकाली दल की सरकार बनने पर महिला डीजीपी की अध्यक्षता में विशेष कार्यबल गठित किया जाएगा, जो नशे से जुड़ी शिकायतों की जांच करेगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही हलका स्तर पर ‘माई भागो दी फौज’ के कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जा रहे हैं।

ड्रग तस्करों की संपत्तियां जब्त करने का ऐलान

हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि अगली अकाली दल सरकार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानून लाएगी। उन्होंने दावा किया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों को दस साल तक जेल में रखने और उनकी संपत्तियां जब्त करने का प्रावधान किया जाएगा। जब्त संपत्तियों से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल नशे से प्रभावित परिवारों और पीड़ितों के पुनर्वास के लिए किया जाएगा।

रैली के दौरान उन्होंने पुष्पा नामक महिला से भी बातचीत की, जिसने नशे की ओवरडोज के कारण अपने बेटे को खो दिया। हरसिमरत कौर ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं लगातार नशे के अभिशाप को खत्म करने की मांग कर रही हैं।

उन्होंने मोहनजीत सिंह और दिड़बा के गुलजार सिंह के मामलों का भी जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या को समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई की जरूरत है।

इस अवसर पर अकाली दल के तलवंडी साबो हलका इंचार्ज रविप्रीत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी रितिका सिद्धू ने भी रैली को संबोधित किया।

[wps_visitor_counter]