अर्दली रूम में विवेचकों के कार्यों की हुई समीक्षा, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच पर जोर
महिला हेल्प डेस्क, CCTNS और थाने के अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के दिए निर्देश
ब्यूरो चित्रांश श्रीवास्तव, रायबरेली
उन्नाव। जनपद में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के प्रभावी निस्तारण को लेकर शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी बीघापुर प्रदीप कुमार ने अचलगंज थाने में समस्त विवेचकों के साथ अर्दली रूम आयोजित किया। इस दौरान विभिन्न अभियोगों में चल रही विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और लंबित मामलों के निस्तारण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
क्षेत्राधिकारी ने विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी लंबित विवेचनाओं का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्षता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर प्रभावी विधिक कार्रवाई की जाए, जिससे मामलों का निस्तारण नियमानुसार हो सके।
अर्दली रूम के दौरान थाने के दैनिक रजिस्टरों एवं महिला हेल्प डेस्क से संबंधित अभिलेखों के रखरखाव की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त CCTNS, साइबर क्राइम और जनरल डायरी (GD) से जुड़े कार्यों को नियमित एवं व्यवस्थित ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग एवं जवाबदेह रहने की हिदायत दी। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और प्रत्येक मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।



