- गाली-गलौज का विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप, मां गंभीर घायल
- घर में घुसकर भाई-बहनों को भी पीटा, परिवार में दहशत का माहौल
अरविन्द श्रीवास्तव, जिला संवाददाता
बांदा। बदौसा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तरसूमा के मजरा पचपेड़ियां में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता शकुंतला ने गांव के छह लोगों के खिलाफ मां के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पचपेड़ियां निवासी कोदा यादव की बेटी शकुंतला ने शुक्रवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। आरोप है कि बुधवार शाम करीब सात बजे गांव के ही बुद्ध विलास, संतोष, चुन्नू भइया, सिकंदर, रजनीश और मुन्नीलाल उसके घर के दरवाजे पर पहुंचे और उसकी मां के साथ गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटने का आरोप
शकुंतला के मुताबिक, मां ने जब गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावर घर के अंदर भी घुस गए और भाई-बहनों के साथ भी मारपीट की। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
पुलिसकर्मियों को सिखाई सांकेतिक भाषा, श्रवणबाधित नागरिकों से संवाद पर जोर
जिला अस्पताल में चल रहा घायल महिला का इलाज
पीड़िता ने बताया कि मारपीट में उसकी मां को गंभीर चोटें आई हैं और उनका जिला चिकित्सालय बांदा में इलाज चल रहा है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
थानाध्यक्ष राधाकृष्ण तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच दारोगा रामनारायण सरोज को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


