घर में घुसकर महिला से गाली-गलौज और मारपीट का आरोप, फायरिंग कर धमकाने की भी शिकायत
अरविंद श्रीवास्तव
बांदा। फतेहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डढ़वा मानपुर के अंश कारीडांडी में घर में घुसकर महिला के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आपदा से निपटने की तैयारियों का हुआ रियलिटी चेक, रामपुर में चार स्थानों पर मॉक ड्रिल
कारीडांडी निवासी भगवानदास पटेल की पत्नी रजिया देवी ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि घटना छह जून की देर शाम करीब सात बजे की है। वह घर में घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान गांव के अवधेश यादव पुत्र मैकू, उसके भाई राजेश, रामबहोर के पुत्र दीपक और बब्बू के पुत्र सोम समेत तीन अज्ञात लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंचे और दरवाजे पर गाली-गलौज करने लगे।
बड़ी बेटी के ससुराल से आया रिश्तेदार नाबालिग बहन को ले गया, मुकदमा दर्ज
पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर अवधेश यादव के कहने पर सभी लोग घर के अंदर घुस आए और उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि उस समय पति और बेटा घर पर मौजूद नहीं थे। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि भय पैदा करने के उद्देश्य से हवाई फायर किया गया तथा पति और बेटे के मिलने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
*पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप*
रजिया देवी ने न्यायालय को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की और न ही मेडिकल कराया। इसके बाद उन्होंने अतर्रा स्वास्थ्य केंद्र में स्वयं इलाज और मेडिकल कराया।
पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए न्यायालय को यह भी बताया कि घटना को लेकर पुलिस ने उनके परिवार के विरोधियों की ओर से भी मुकदमा दर्ज किया था।
*न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई*
फतेहगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिजर्व पुलिस लाइन में एसपी ने परखी व्यवस्थाएं, पुलिसकर्मियों की समस्याओं का किया निस्तारण


