- टेकसंगम अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन क्वांटम फॉरेंसिक्स और विधिक अनुपालन पर विशेष जोर
- विभिन्न संस्थानों के बीच एमओयू का आदान-प्रदान, रिसर्च और वैश्विक सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तकनीक, शोध और न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ में टेकसंगम अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने क्वांटम फॉरेंसिक्स और विधिक अनुपालन पर आधारित LexQ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में AI in Construction पुस्तक का विमोचन भी किया गया। इसके साथ ही फैकल्टी एक्सचेंज, संयुक्त प्रमाणन, अनुसंधान और वैश्विक अनुभव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टेकसंगम और LexQ जैसी पहलें ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई दिशा देंगी। उन्होंने तकनीक और विधिक प्रक्रियाओं के समन्वय को समय की जरूरत बताते हुए नवाचार, अनुसंधान और संस्थागत सहयोग पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, ‘लॉ विद लैब्स’, कंसेंट मैनेजमेंट फ्रेमवर्क और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसी पहलें विज्ञान, शिक्षा तथा न्याय व्यवस्था में नए अवसर पैदा कर सकती हैं। इससे तकनीकी विशेषज्ञता और कानूनी प्रक्रियाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अनुसंधान, नवाचार, उद्योगों के साथ सहयोग और विश्वस्तरीय शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन पहलों के माध्यम से प्रदेश में तकनीकी विकास और ज्ञान आधारित व्यवस्था को मजबूत बनाने का लक्ष्य है।



