चाइल्ड हेल्पलाइन रामपुर ने मध्य प्रदेश के 10 वर्षीय बालक को परिवार से मिलाया

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • चाची के पास मुरादाबाद में रहने की मिली जानकारी, बाल कल्याण समिति के आदेश पर सौंपी गई सुपुर्दगी
  • टीम की काउंसलिंग से हुई बालक की पहचान, परिजनों से संपर्क कर सुरक्षित पहुंचाया

रामपुर। चाइल्ड हेल्पलाइन रामपुर की तत्परता और प्रयासों से लावारिस अवस्था में मिले मध्य प्रदेश के 10 वर्षीय बालक को उसके परिवार से मिला दिया गया। बालक थाना मिलक क्षेत्र में मिला था। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने काउंसलिंग और लगातार प्रयासों के बाद उसके परिजनों का पता लगाकर उन्हें रामपुर बुलाया। इसके बाद बाल कल्याण समिति के आदेश पर बालक को उसकी चाची के सुपुर्द कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को थाना मिलक के माध्यम से चाइल्ड हेल्पलाइन रामपुर को बालक मिलने की सूचना प्राप्त हुई। मामले की जानकारी मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ईरा आर्या ने जिला समन्वयक निजामुद्दीन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची और बालक से पूछताछ की। बालक अपना नाम लुसमन बता रहा था, लेकिन वह अपने घर का फोन नंबर नहीं बता सका।

टीम ने थाना मिलक में जनरल डायरी (जीडी) दर्ज कराते हुए बालक को चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय पहुंचाया। बाल कल्याण समिति के मौखिक आदेश पर उसे आश्रय दिया गया और उसकी काउंसलिंग की गई।

काउंसलिंग से सामने आया मध्य प्रदेश का पता

काउंसलिंग के दौरान टीम के प्रयासों से बालक ने अपना पूरा नाम लुसमन पुत्र अनूप खान सिंह और उम्र 10 वर्ष बताई। उसने अपना निवास ग्राम जूना पानी, कालापीपल, बोदिकलां, जिला सीहोर, मध्य प्रदेश बताया। बालक ने यह भी जानकारी दी कि उसकी चाची मुरादाबाद में डबल फाटक पुल के नीचे रहती हैं।

बालक के पास परिजनों का फोन नंबर नहीं होने के कारण टीम ने उसके बताए पते के आधार पर थाना कटघर क्षेत्र के डबल फाटक पुल, मुरादाबाद में संपर्क किया। प्रयासों के बाद बालक के परिजनों से संपर्क स्थापित हुआ और उन्हें चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय रामपुर बुलाया गया।

बाल कल्याण समिति के आदेश पर चाची को सौंपी गई सुपुर्दगी

21 अक्टूबर 2026 को बालक लुसमन और उसकी चाची लाजपति को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के आदेशानुसार बालक की सुपुर्दगी उसकी चाची को दे दी गई। चाइल्ड हेल्पलाइन रामपुर की त्वरित कार्रवाई और टीम के समन्वित प्रयासों से बालक को उसके परिवार तक पहुंचाने में सफलता मिली।

Nation Station News | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]