पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर जोर, बीएलओ को लापरवाही न बरतने की हिदायत

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं और नए मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

रामपुर। विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने रामपुर शहर स्थित मुर्तजा राजकीय इंटर कॉलेज में स्थापित आठ मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर चल रहे मतदाता पंजीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर उपस्थित मिले।

आवेदनों और संशोधन कार्यों की ली जानकारी

जिलाधिकारी ने बीएलओ से प्राप्त आवेदनों, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची में नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अभियान संचालित किया जाए। प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर

डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। विशेष रूप से पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं, महिलाओं और अन्य योग्य नागरिकों को पंजीकरण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बीएलओ से अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र नागरिकों की पहचान कर उन्हें मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए सही मतदाता सूची अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की कि सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। यदि नाम, पता अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि हो तो संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार संशोधन कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर श्रद्धा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]