- मेहनत और अनुशासन के दम पर क्रिकेट में बनाई पहचान
मुरादाबाद। मॉडर्न पब्लिक स्कूल, मुरादाबाद के होनहार छात्र एवं प्रतिभावान क्रिकेटर यश व्यास का चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए हुआ है। यश की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।
यश ने लगातार कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ क्रिकेट के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उनके शानदार प्रदर्शन और क्रिकेट के प्रति समर्पण का परिणाम है कि उन्हें उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टीम के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए चयनित किया गया।
विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
यश की सफलता पर विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटिव मिस्टर साउद आलम, प्रिंसिपल मिस्टर एसन अहमद, कॉर्डिनेटर मिस्टर सुशील कुमार एवं क्रिकेट अकैडमी के कोच मिस्टर मिर्जा दानिश आलम ने उन्हें बधाई दी।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यश ने क्रिकेट के प्रति समर्पण और निरंतर कठोर परिश्रम के जरिए यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
विद्यालय परिवार ने यश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी इसी मेहनत और लगन के साथ क्रिकेट के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे और अपने विद्यालय एवं मुरादाबाद का नाम रोशन करेंगे।


