रामपुर से शाहबाज़ खान की रिपोर्ट
रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात को लेकर चल रही सियासी चर्चाओं पर पूर्व सांसद आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा ने पहली बार खुलकर सफाई दी है। उन्होंने अखिलेश यादव को आजम खान की ओर से कथित तौर पर 15 सीटों की मांग वाला खत दिए जाने की खबरों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया।
‘मुलाकात पारिवारिक थी, राजनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई’
तंजीन फातिमा ने कहा कि कुछ दिन पहले वह अखिलेश यादव से मिलने गई थीं। इस मुलाकात को लेकर कुछ समाचार पत्रों में यह खबर प्रकाशित हुई कि वह आजम खान का खत लेकर गई थीं, जिसमें 15 सीटों की मांग की गई थी। तंजीन फातिमा ने इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मुलाकात पूरी तरह पारिवारिक थी और इसमें किसी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि खबरों में ‘विश्वसनीय सूत्रों’ का हवाला दिया गया है, इसलिए वह जानना चाहती हैं कि आखिर वे सूत्र कौन हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आजम खान कई बार कह चुके हैं कि अखिलेश यादव उनकी औलाद की तरह हैं, ऐसे में वह अपनी औलाद पर खत के जरिए दबाव क्यों डालेंगे?
4-5 दिनों में आजम खान से जेल में मिल सकते हैं अखिलेश
तंजीन फातिमा ने यह भी दावा किया कि अगले चार या पांच दिनों में अखिलेश यादव रामपुर आकर आजम खान से जेल में मुलाकात कर सकते हैं, हालांकि यह मुलाकात उनके समय मिलने पर निर्भर करेगी।
असीम राजा ने मोहिबुल्लाह नदवी की प्रेस वार्ता पर साधा निशाना
वहीं, आजम खान के करीबी असीम राजा ने रामपुर से सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी की प्रेस वार्ता को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से संयुक्त प्रेस वार्ता करने का कोई निर्देश नहीं दिया गया था।
असीम राजा के मुताबिक, यदि गठबंधन के तहत कांग्रेस के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता होती तो दोनों दलों के जिलाध्यक्ष उसमें मौजूद होते। उन्होंने आरोप लगाया कि रामपुर में हुई प्रेस वार्ता पार्टी के खिलाफ थी और इसकी कड़ी निंदा की।


