- मॉडल प्राइमरी स्कूल पट्टी कल्याणपुर में चला स्वच्छता अभियान, बच्चों को किया जागरूक
- कबड्डी प्रतियोगिता के जरिए दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला गंगा समिति, रामपुर एवं क्लीन अप इंडिया की टीम द्वारा मॉडल प्राइमरी स्कूल पट्टी कल्याणपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति, नमामि गंगे लव कुमार ने बच्चों को गंगा सहित सभी नदियों को स्वच्छ एवं निर्मल रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जलस्रोतों में कूड़ा न डालने तथा घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का आह्वान किया।
कबड्डी मैच के जरिए जागरूकता का संदेश
बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कबड्डी मैच का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विजेता टीम को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। खेल के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने गंगा, विद्यालय, घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। क्लीन अप इंडिया के आकाश ने बच्चों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण की अपील की।
इंचार्ज प्रधानाध्यापक राकेश विश्वकर्मा ने कहा कि बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करना स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज की नींव है। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


