मुरादाबाद के युवा गेंदबाज शिवांग कुमार का रणजी टीम में चयन

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • MPS क्रिकेट एकेडमी के होनहार खिलाड़ी ने मेहनत और शानदार गेंदबाजी से हासिल किया मुकाम
  • IPL में सनराइजर्स हैदराबाद और भारतीय टीम के साथ नेट बॉलिंग का भी रह चुका अनुभव

मुरादाबाद। जिले के उभरते युवा क्रिकेटर शिवांग कुमार ने अपनी मेहनत, अनुशासन और शानदार गेंदबाजी के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। MPS क्रिकेट एकेडमी में लंबे समय से अभ्यास कर रहे शिवांग कुमार का चयन आगामी मध्य प्रदेश रणजी टीम के लिए हुआ है। उनके चयन की खबर मिलते ही परिवार, कोच, एकेडमी और क्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

शिवांग कुमार ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन पहले भी किया है। वह MP T20 लीग में खेल चुके हैं। इसके अलावा IPL में सनराइजर्स हैदराबाद और भारतीय टीम के साथ नेट बॉलिंग का अनुभव भी हासिल कर चुके हैं। अब रणजी टीम में चयन उनके क्रिकेट करियर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

वर्षों की मेहनत ने दिलाया बड़ा मुकाम

शिवांग कुमार ने इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए वर्षों तक लगातार अभ्यास किया। कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को उन्होंने अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया। शिवांग चाइना-मैन गेंदबाजी करते हैं और इसी अनोखी गेंदबाजी शैली के साथ उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।

उनकी सफलता के पीछे उनके पिता प्रवीण कुमार और कोच मिर्जा दानिश आलम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पिता प्रवीण कुमार ने बचपन से ही शिवांग को क्रिकेट की बारीकियां सिखाईं और उन्हें खेल के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं कोच मिर्जा दानिश आलम ने उनकी तकनीक, फिटनेस, गेंदबाजी और मानसिक मजबूती पर लगातार काम किया।

शिवांग बोले- रणजी में शानदार प्रदर्शन करना लक्ष्य

रणजी टीम में चयन के बाद शिवांग कुमार ने कहा कि यह उनके जीवन के सबसे बड़े अवसरों में से एक है। उन्होंने अपने माता-पिता, कोच मिर्जा दानिश आलम और उनका साथ देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि अब उनका लक्ष्य रणजी क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करना और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करना है। शिवांग ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता प्रवीण कुमार और कोच मिर्जा दानिश आलम की मेहनत एवं मार्गदर्शन को दिया।

कोच ने कहा- शिवांग की मेहनत रंग लाई

कोच मिर्जा दानिश आलम ने कहा कि शिवांग हमेशा से मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी रहा है। उसने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए दिन-रात मेहनत की है। उन्हें विश्वास है कि शिवांग रणजी क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करेगा और भविष्य में भारतीय क्रिकेट में भी अपनी पहचान बनाएगा।

समाजसेवी प्रांशु जोशी ने दी बधाई

समाजसेवी प्रांशु जोशी ने शिवांग कुमार के रणजी टीम में चयन पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार और कोच के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणादायक है। शिवांग की सफलता बताती है कि लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर बड़े से बड़ा सपना हासिल किया जा सकता है।

[wps_visitor_counter]