लो ब्लड प्रेशर के साथ सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत, चिकित्सकों ने तत्काल उपचार की दी सलाह
स्वास्थ्य विभाग में कथित भ्रष्टाचार समेत 15 सूत्रीय मांगों को लेकर अशोक लाट पर जारी है अनशन
अरविंद श्रीवास्तव, जिला संवाददाता
बांदा। स्वास्थ्य विभाग में कथित भ्रष्टाचार समेत 15 सूत्रीय मांगों को लेकर अशोक लाट में आमरण अनशन कर रहीं शालिनी सिंह पटेल की शनिवार को छठवें दिन तबीयत बिगड़ गई। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए ट्रामा सेंटर में भर्ती होकर उपचार कराने की सलाह दी है।
ट्रामा सेंटर के प्रभारी चिकित्सक डॉ. विनीत सचान के मुताबिक जांच के दौरान शालिनी सिंह पटेल का ब्लड प्रेशर कम पाया गया। इसके अलावा उन्हें मौसमी सर्दी-जुकाम और बुखार सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आई हैं। चिकित्सक ने स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती होकर उपचार कराने की सलाह दी।
डॉ. सचान ने बताया कि इस संबंध में सीएमएस के माध्यम से प्रशासन को भी अवगत कराया गया है। उनका कहना है कि अस्पताल में भर्ती होते ही चिकित्सकीय उपचार शुरू कर दिया जाएगा।
*15 सूत्रीय मांगों को लेकर आमरण अनशन*
शालिनी सिंह पटेल स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी 15 सूत्रीय मांगों और कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर अशोक लाट में आमरण अनशन पर बैठी हैं। अनशन के छठवें दिन स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद अब उनके उपचार को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सामने स्थिति महत्वपूर्ण हो गई है।
खबर लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। वहीं, शालिनी सिंह पटेल की ओर से उठाई गई मांगों और भ्रष्टाचार के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस रिपोर्ट के स्तर पर नहीं हुई है।


