- सुबह-शाम बड़ी संख्या में शहरवासी उठा रहे सैर का लाभ, ओपन जिम और योगा प्वाइंट बने आकर्षण
- एक किलोमीटर लंबे वॉकिंग ट्रैक के साथ हरियाली, एक्यूप्रेशर जोन और सेल्फी प्वाइंट की सुविधा
बठिंडा, 28 सितंबर। शहर के विकास और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के तहत शहीद करतार सिंह सराभा टूरिस्ट रिसॉर्ट को आधुनिक सुविधाओं से संवारा गया है। करीब 75 लाख रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना शहरवासियों के लिए सैर, व्यायाम और मनोरंजन का बेहतर स्थान बनकर उभरी है।
सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा, जिला संवाददाता
नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन जतिंदर सिंह भल्ला ने बताया कि शहीद करतार सिंह सराभा टूरिस्ट रिसॉर्ट का फाउंडेशन स्टोन 10 अक्टूबर 2024 को रखा गया था। इसके बाद निर्धारित समय में काम पूरा कर इसे बठिंडा के लोगों को समर्पित किया गया।
दो किलोमीटर तक पैदल चलने की सुविधा
यह प्रोमेनेड रिंग रोड पर मिलिट्री कैंटोनमेंट के साथ बनाया गया है। यहां करीब एक किलोमीटर लंबा वॉकिंग ट्रैक तैयार किया गया है। एक मोड़ के साथ लोग करीब दो किलोमीटर तक पैदल सैर कर सकते हैं। सुबह और शाम बड़ी संख्या में शहरवासी यहां पहुंचकर सैर और व्यायाम का लाभ उठा रहे हैं।
प्रोमेनेड को हरा-भरा बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए हैं। हरियाली और स्वच्छ वातावरण के कारण यह स्थान शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
ओपन जिम और योगा प्वाइंट समेत कई सुविधाएं
टूरिस्ट रिसॉर्ट में लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम, योगा प्वाइंट और एक्यूप्रेशर जोन तैयार किए गए हैं। इसके अलावा आधुनिक तकनीक वाली लाइटें, जगह-जगह डस्टबिन और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था की गई है। परिसर में एक आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है।
नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन के मुताबिक आने वाले समय में इस प्रोमेनेड का और विस्तार करने की योजना पर काम किया जा रहा है। परियोजना को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह है और लोग इसे शहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में उपयोगी पहल बता रहे हैं।


