घर के बाहर खड़ी सैंट्रो कार चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • तड़के तीन बजे सफेद कार से पहुंचे दो संदिग्ध, चंद मिनटों में कार लेकर हुए फरार

शाहबाद (रामपुर)। तहसील शाहबाद कस्बे के मोहल्ला फरोशान में बेखौफ चोरों ने घर के बाहर खड़ी सैंट्रो कार चोरी कर ली। वारदात सोमवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है। चोरी की पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार बरामदगी और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मोहल्ला फरोशान निवासी सरताज अहमद पुत्र छोटे अपने मित्र की सैंट्रो कार संख्या UP22 BC4797 का इस्तेमाल करते हैं। रोजाना की तरह रविवार रात भी कार घर के सामने खड़ी की गई थी। सोमवार तड़के करीब तीन बजे सरताज की नींद खुली तो कार अपनी जगह से गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस की 112 हेल्पलाइन पर सूचना दी।

सफेद कार से आए थे दो संदिग्ध

घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर एक सफेद रंग की कार से दो संदिग्धों के पहुंचने की बात सामने आई। फुटेज में संदिग्ध कार के पास पहुंचते और कुछ ही देर बाद सैंट्रो लेकर वहां से निकलते दिखाई दे रहे हैं। वारदात को बेहद कम समय में अंजाम दिया गया।

पुलिस को सौंपी सीसीटीवी फुटेज

पीड़ित सरताज अहमद ने कोतवाली शाहबाद के प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपकर चोरी गई कार की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और कार की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। मामले में पुलिस की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

[wps_visitor_counter]