सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज से युवाओं की नवाचार क्षमता को मिलेगा मंच

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • राजकीय आईटीआई बिलासपुर में जनपद स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

रामपुर। रिपोर्ट—शाहबाज़ खां

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय आईटीआई बिलासपुर में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, प्राविधिक शिक्षा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज का जनपद स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमता को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपने नए विचारों और नवाचारी समाधानों को विकसित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख बिलासपुर कुलवंत सिंह औलख रहे। उन्होंने विद्यार्थियों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ नवाचार एवं रचनात्मक सोच भी युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास की समस्याओं को पहचानने तथा उनके व्यावहारिक और उपयोगी समाधान विकसित करने का आह्वान किया।

प्रतिभागियों को दी गई चैलेंज की विस्तृत जानकारी

ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के उद्देश्य, प्रक्रिया, प्रतिभागिता के मानदंड और नवाचारी विचारों को प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपने नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने, तकनीकी ज्ञान का प्रभावी उपयोग करने तथा समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गठित जूरी कमेटी में कर्मवीर सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड बिलासपुर; अभिनव यादव, प्रबंधक, रुद्र विलास सहकारी चीनी मिल, बिलासपुर तथा राकेश कुमार, गणेश इकोस्फीयर प्राइवेट लिमिटेड, बिलासपुर शामिल रहे।

जूरी सदस्यों ने प्रतिभागियों को नवाचार के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने तथा अपने विचारों को प्रभावी एवं प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में राजकीय आईटीआई के प्रशिक्षुओं, विद्यार्थियों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नवाचार, कौशल, तकनीकी दक्षता और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

 

[wps_visitor_counter]