स्वास्थ्य जांच के बाद 20 पंजीकृत लोगों में चार ही पाए गए रक्तदान के योग्य
अरविंद श्रीवास्तव
बबेरू/बांदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार दोपहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में रक्तदान के लिए कुल 20 लोगों ने पंजीकरण कराया, लेकिन स्वास्थ्य जांच के बाद चार लोग ही रक्तदान के लिए योग्य पाए गए।
जांच के बाद भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय विक्रम सिंह, समाजसेवी रावेन्द्र सिंह, बबेरू मंडल अध्यक्ष सौरभ शिवहरे और मरका मंडल अध्यक्ष दिनेश निषाद ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से इस पहल में सहभागिता की।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। रक्त की आवश्यकता पड़ने पर मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की गई।
अहंकार का त्याग कर विनम्रता अपनाना ही उत्तम मार्दव धर्म: पं. नन्हें भैया
*ये रहे मौजूद*
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, पूर्व भाजपा प्रत्याशी अजय सिंह पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख रमाकांत पटेल, सुखदेव प्रसाद वर्मा, विष्णु प्रताप सिंह, सभासद रामकृपाल मौर्य, आकाश चौरसिया, राकेश कुमार गुप्ता और रामजी शुक्ल समेत तमाम लोग मौजूद रहे।


