सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज से युवाओं की नवाचार क्षमता को मिलेगा मंच

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • राजकीय आईटीआई बिलासपुर में जनपद स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
  • विद्यार्थियों को नए विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलने के लिए किया गया प्रेरित

रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता, रामपुर

रामपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजकीय आईटीआई बिलासपुर में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, प्राविधिक शिक्षा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का जनपद स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान की क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपने नए विचारों और नवाचारी समाधानों को विकसित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख बिलासपुर कुलवंत सिंह औलख उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ नवाचार और रचनात्मक सोच भी युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास मौजूद समस्याओं को पहचानने और उनके व्यावहारिक एवं उपयोगी समाधान विकसित करने का आह्वान किया।

नवाचारी विचारों को व्यावहारिक रूप देने पर जोर

ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के उद्देश्य, प्रक्रिया, प्रतिभागिता के मानदंड तथा नवाचारी विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को अपने नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने, तकनीकी ज्ञान का बेहतर उपयोग करने तथा समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

जूरी सदस्यों ने दिया आवश्यक मार्गदर्शन

कार्यक्रम के लिए गठित जूरी कमेटी में कर्मवीर सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड बिलासपुर; अभिनव यादव, प्रबंधक, रुद्र विलास सहकारी चीनी मिल, बिलासपुर तथा राकेश कुमार, गणेश इकोस्फीयर प्राइवेट लिमिटेड, बिलासपुर शामिल रहे।

जूरी सदस्यों ने प्रतिभागियों को नवाचार के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने तथा अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने युवाओं को नए प्रयोग करने और अपनी तकनीकी दक्षता का उपयोग समाजोपयोगी कार्यों में करने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में राजकीय आईटीआई के प्रशिक्षुओं, विद्यार्थियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नवाचार, कौशल विकास, तकनीकी दक्षता एवं उद्यमशीलता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

 

[wps_visitor_counter]