- नकुड़, देवबंद, रामपुर मनिहारान और बेहट तहसील में बदले अधिकारी
- 28 सितंबर की शाम जारी हुआ आदेश, सभी को तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश
सहारनपुर। जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छह एसडीएम स्तर के अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद 28 सितंबर की शाम जारी आदेश में अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
नकुड़ तहसील में बदलाव के तहत एसडीएम नकुड़ निधि भारद्वाज को एसडीएम न्यायिक देवबंद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं एसडीएम रामपुर मनिहारान योगेश कुमार गौड़ को एसडीएम नकुड़ बनाया गया है। सहायक मजिस्ट्रेट सहारनपुर रामभरोस सारण को एसडीएम रामपुर मनिहारान की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में एसडीएम न्यायिक नकुड़ अमित कुमार को अपर एसडीएम सहारनपुर बनाया गया है। अपर एसडीएम सहारनपुर रश्मि कुमारी को एसडीएम न्यायिक बेहट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं एसडीएम न्यायिक रामपुर मनिहारान कृष्ण राज सिंह को वर्तमान दायित्व के साथ एसडीएम न्यायिक नकुड़ का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। कार्यभार संभालने के बाद इसकी अनुपालन आख्या संबंधित अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। फेरबदल के बाद जिले की कई तहसीलों में एसडीएम स्तर पर प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नया समीकरण तैयार हुआ है।


