राइजिंग चाइल्ड स्कूल में लिटिल शेफ एक्टिविटी

Picture of nationstationnews

nationstationnews

:

  • आग नहीं, हुनर से पकाया स्वाद! राइजिंग चाइल्ड स्कूल के नन्हे शेफ ने दिखाया कमाल
  • फायर-फ्री कुकिंग में बच्चों ने बनाए भेलपुरी, सैंडविच, फ्रूट चाट से लेकर बिस्किट केक तक
  • प्रैक्टिकल लर्निंग से बच्चों में बढ़ रहा आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीमवर्क

रायबरेली। शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी कक्षाओं के बच्चों के लिए ‘लिटिल शेफ’ फायर-फ्री कुकिंग एक्टिविटी का आयोजन किया गया। गतिविधि में नन्हे बच्चों ने बिना आग के विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और पाक-कौशल का प्रदर्शन किया।

बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भेलपुरी, ब्रेड सैंडविच, वेजिटेबल सैंडविच, फ्रूट चाट, कॉर्न चाट, स्प्राउट्स चाट और बिस्किट केक जैसे कई फायर-फ्री व्यंजन तैयार किए। शिक्षिकाओं ने बच्चों को व्यंजन तैयार करने में आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन दिया।

नन्हे हाथों से तैयार हुआ स्वाद, सभी ने लिया आनंद

बच्चों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों को विद्यालय के अन्य बच्चों और शिक्षिकाओं को परोसा गया। नन्हे शेफ की मेहनत से तैयार व्यंजनों का सभी ने उत्साहपूर्वक स्वाद लिया। गतिविधि के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने स्वयं करके सीखने का आनंद लिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए गतिविधियों और प्रैक्टिकल माध्यम से सीखने के अवसर दिए जा रहे हैं। ऐसी गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, सहयोग की भावना और व्यावहारिक ज्ञान विकसित होता है। बच्चे स्वयं करके जो सीखते हैं, उसे लंबे समय तक याद रखते हैं।

विद्यालय के प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव, एडवोकेट ने फायर-फ्री कुकिंग एक्टिविटी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। नन्हे बच्चों द्वारा स्वयं व्यंजन तैयार करना उनके लिए सीखने के साथ-साथ आनंद का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा को रोचक और व्यावहारिक बनाने के लिए समय-समय पर ऐसी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र नाथ हरि, सावन गुप्ता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

[wps_visitor_counter]