- परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जमीन विवाद को बताया संभावित वजह
- डॉग स्क्वायड और जांच टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रामपुर। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के ग्राम विजया में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 45 वर्षीय पूरन का शव उनकी दुकान के पास स्थित खेत में पड़ा मिला। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि पूरन की गांव में दुकान है और दुकान के पास ही खेत स्थित है। परिजनों के मुताबिक, पूरन रात में दुकान से घर सोने चले गए थे। सुबह परिजन उन्हें देखने पहुंचे तो दुकान खुली मिली, लेकिन पूरन वहां मौजूद नहीं थे। आसपास तलाश करने पर दुकान के पास खेत में उनका शव पड़ा मिला।
परिजनों के अनुसार, शव पर कई जगह चोट के निशान थे और गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया गया था। परिवार ने जमीन को लेकर कुछ लोगों से चल रही रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी आरोपी की पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, जुटाए गए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह, सीओ सिटी, थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही डॉग स्क्वायड और अन्य जांच टीमों की मदद से साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
तहरीर के आधार पर दर्ज होगा मुकदमा
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि ग्राम विजया में 45 वर्षीय पूरन का शव उनकी दुकान के बगल खेत में मिला है। गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ परिवार के लोगों से जानकारी जुटा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
रामपुर से शाहबाज़ खान की रिपोर्ट
नेशन स्टेशन न्यूज़


