वाल्मीकि संदेश यात्रा को भव्य, अनुशासित और मर्यादापूर्ण बनाने पर जोर

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 26 अक्टूबर को तोपखाना वाल्मीकि बस्ती से निकलेगी संदेश यात्रा
  • आधस की बैठक में कमेटी गठित, शिक्षा और बेटियों के सम्मान का दिया संदेश

रामपुर। आदि धर्म समाज (आधस) रामपुर की बैठक मोहल्ला तोपखाना स्थित वाल्मीकि बस्ती में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 26 अक्टूबर को वाल्मीकि प्रकट उत्सव के अवसर पर निकलने वाली भव्य वाल्मीकि संदेश यात्रा की तैयारियों और सफलता को लेकर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने यात्रा को भव्यता के साथ अनुशासित और मर्यादापूर्ण तरीके से निकालने पर जोर दिया।

आधस के राष्ट्रीय धर्म प्रचारक वीर श्रेष्ठ अमर आदिवासी ने कहा कि वाल्मीकि संदेश यात्रा का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि के विचारों और संदेशों को सर्व समाज तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि राहगीरों और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यात्रा की गरिमा और अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि “जननी और जन्मभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर है” का संदेश समाज तक पहुंचाने के साथ बेटियों के सम्मान को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। बेटियां सृष्टि की अनमोल रचना हैं और समाज में उनके प्रति सम्मान की भावना मजबूत होनी चाहिए।

शिक्षा को बताया सम्मान की कुंजी

अमर आदिवासी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के हाथ की कलम का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। देश का हर बच्चा और बच्ची शिक्षित होगा तो भारत हर क्षेत्र में मजबूत बनेगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अच्छा खाना, अच्छे कपड़े और अच्छा मकान न होने की चिंता करने के बजाय बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि शिक्षा हासिल करने के बाद ही समाज अपना खोया सम्मान वापस प्राप्त कर सकता है।

यात्रा के लिए कमेटी का गठन

बैठक में वाल्मीकि संदेश यात्रा की सफलता के लिए कमेटी का गठन किया गया। वीरोत्तम दीप लव राष्ट्रीय संचालक भावाधस को अध्यक्ष, वीर विमल द्रविड़ को प्रभारी और वीर अमर नाथ वाल्मीकि को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इसके अलावा अरुण कटारिया, जुगेश, विकास, नरेश, अभिषेक, विकास बाबू, रजत, अरिमर्दन और शानू को वॉलंटियर की जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में आनंद प्रकाश वाल्मीकि, धर्म कुमार, नवीन राही, राजेश रत्न, राजेंद्र कुमार, विनोद एकलव्य, नीरज चौहान, विक्की सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता अमर नाथ वाल्मीकि ने की, जबकि संचालन राजेश रत्न ने किया।

[wps_visitor_counter]