- 24 नए परीक्षा केंद्रों का प्रस्ताव, 63 आपत्तियां पहुंचीं; डीएम ने एसडीएम को स्थलीय निरीक्षण के दिए निर्देश
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 की तैयारियों को लेकर रामपुर जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए कुल 80 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों पर 46,848 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रस्तावित केंद्रों में 24 नए विद्यालयों को भी शामिल किया गया है।
बुधवार को जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों और उन पर प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि हाईस्कूल के 25,832 और इंटरमीडिएट के 21,016 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों को लेकर प्रशासन को कुल 63 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें 27 आपत्तियां परीक्षार्थियों को अधिक दूरी पर केंद्र आवंटित किए जाने, तीन निर्धारित क्षमता से अधिक परीक्षार्थियों के आवंटन, 16 केंद्र बनाए जाने और 16 केंद्र नहीं बनाए जाने से संबंधित हैं। एक आपत्ति अन्य विषय से जुड़ी है।
तहसीलवार आपत्तियों में सदर से 18, मिलक से 16, शाहबाद से 10, टांडा से आठ, बिलासपुर से सात और स्वार से चार आपत्तियां शामिल हैं।
नए केंद्रों का होगा स्थलीय निरीक्षण
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करें। विशेष रूप से नए परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध संसाधनों, परीक्षार्थियों के बैठने की क्षमता और परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की जाए।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान प्राप्त आपत्तियों और अपनी संस्तुतियों को अगले दिन तक जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण किया जा सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंजलि अग्रवाल ने बताया कि बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निर्धारण ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा। इसमें विद्यालयों की सुविधाओं, परीक्षार्थियों की संख्या, धारण क्षमता और प्राप्त आपत्तियों को ध्यान में रखा जाएगा। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और नकल पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी आवश्यक मानकों का पालन किया जाएगा।



