- थाना टांडा क्षेत्र की महिला ने पति समेत ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। थाना टांडा क्षेत्र के ग्राम मेवला दारू की रहने वाली चार बच्चों की मां आरती ने ससुरालियों पर मारपीट करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि वह डर और खौफ के माहौल में अपनी जान बचाकर कलेक्ट्रेट पहुंची और जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता के मुताबिक, उसके साथ पति समेत सास, ससुर, देवर, देवरानी, जेठ और जेठानी द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि वह मामले की शिकायत लेकर कई बार चौकी और पुलिस के पास पहुंची, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता का दावा है कि वह करीब पांच बार पुलिस के पास गई, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
आरती का आरोप है कि थाना टांडा पुलिस को शिकायत देने के बावजूद उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद वह कलेक्ट्रेट पहुंची और जिलाधिकारी के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता ने अधिकारियों से गुहार लगाई कि मामले की जांच कर उसे न्याय दिलाया जाए और यदि उसके साथ मारपीट के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।


