- निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित, दिलाई स्वच्छता की शपथ
- रैली के जरिए जल, नदी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक
रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्रीवेदी के निर्देशन एवं प्रभागीय निदेशक के मार्गदर्शन में जिला गंगा समिति द्वारा स्वच्छता ही सेवा एवं विशेष अभियान के अंतर्गत सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रामपुर में नदी, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता विषय पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, जागरूकता रैली तथा गंगा शपथ कार्यक्रम हुआ।
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता। जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने निबंध और चित्रकला के माध्यम से नदियों, जल एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार और संदेश प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
नदियों में कूड़ा और प्लास्टिक न डालने की अपील
जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने कहा कि प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल, नदियों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से नदियों में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, घरेलू अपशिष्ट एवं अन्य प्रदूषित सामग्री नहीं डालने तथा नदी तटों को स्वच्छ रखने की अपील की। साथ ही अधिक से अधिक पौधरोपण और जल संरक्षण को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नदी संरक्षण किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रशासन, स्थानीय निकाय, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं, ग्राम पंचायतों और आम नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर से नदी को स्वच्छ रखने और जल संरक्षण का संकल्प ले तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना अधिकारी लव कुमार ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता एवं नदी संरक्षण की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने नदियों को स्वच्छ रखने, जल की बर्बादी रोकने और पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।


