- बरेली गेट से मजार मौलवी साहब तक 32 पोल लगाने का था काम, 12 पोल लगे लेकिन कनेक्शन नहीं
- खुले गड्ढों से हादसे का खतरा, आप प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला ने जांच और जवाबदेही की मांग की
रामपुर। शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।
बरेली गेट से मजार मौलवी साहब तक जाने वाली मुख्य सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य करीब डेढ़ वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो सका है। अधूरे पड़े कार्य और विद्युत कनेक्शन न होने को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई (CM पोर्टल) पर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में बताया गया कि नगर पालिका परिषद रामपुर द्वारा उक्त मार्ग पर 32 स्ट्रीट लाइट पोल और लाइटें लगाने का टेंडर करीब डेढ़ वर्ष पूर्व स्वीकृत किया गया था। इसके बाद करीब 12 पोल तो स्थापित कर दिए गए, लेकिन शेष 20 पोल अब तक नहीं लगाए गए हैं। वहीं, स्थापित किए गए पोलों पर भी विद्युत कनेक्शन नहीं होने के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा रात के समय अंधेरे में रहता है।
खुले पड़े गड्ढों से राहगीरों को खतरा
फैसल खान लाला के अनुसार शेष पोल लगाने के लिए खोदे गए गड्ढे लंबे समय से खुले पड़े हैं। इससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों के सामने दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। शिकायत में दावा किया गया है कि इन गड्ढों की वजह से कई लोग दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अधूरे कार्य को जल्द पूरा करना जरूरी है।
अपनी ही पार्टी के चेयरमैन से भी जवाबदेही की मांग
फैसल खान लाला ने कहा कि रामपुर नगर पालिका परिषद में आम आदमी पार्टी का चेयरमैन होने के बावजूद करीब डेढ़ वर्ष से जनहित से जुड़ा यह कार्य अधूरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का जनप्रतिनिधि हो, जनता के काम में लापरवाही स्वीकार नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, शेष 20 स्ट्रीट लाइट पोल तत्काल लगवाने और पहले से स्थापित पोलों पर विद्युत कनेक्शन कराने की मांग की है। साथ ही कार्य में देरी के लिए संबंधित ठेकेदार, अधिकारियों तथा जिम्मेदार स्तर पर जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
फैसल खान लाला ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित के मुद्दों पर अपनी ही पार्टी के जनप्रतिनिधि से भी जवाबदेही मांगने से पीछे नहीं हटेगी। जनता की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं किसी भी राजनीतिक दल से ऊपर हैं।


