- 17 हजार से अधिक लोगों ने लिया भाग, चार हजार से ज्यादा समस्याओं का मौके पर निस्तारण
- पांच हजार से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, मिलक में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने किया समापन
शाहबाज़ खां, जिला संवाददाता
रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन में जनपद में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 21 से 27 सितंबर तक विकासखंडों और नगर निकायों में आयोजित सात दिवसीय सेवा शिविरों का रविवार को समापन हो गया। शिविरों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई और आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर समाधान कराया।
सात दिनों के दौरान आयोजित शिविरों में 17 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि चार हजार से अधिक समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों में पांच हजार से अधिक लोगों की जांच की गई। पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शिविरों के माध्यम से पूरी की गई।
मिलक में राज्यमंत्री ने किया शिविर का समापन
विकासखंड मिलक में आयोजित कार्यक्रम में राज्य कृषि एवं कृषि शिक्षा राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने पहुंचकर सेवा शिविर का समापन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली।
राज्यमंत्री ने विकासखंड मिलक में आंगनबाड़ी केंद्रों, मॉडल शॉप और अन्नपूर्णा भवनों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही पात्र दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, बैसाखी और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और लाभार्थी महिलाओं से जुड़ी गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।
उन्होंने सात दिवसीय सेवा शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिलती है। उन्होंने जिलाधिकारी के निर्देशन में हुए आयोजन के लिए प्रशासन को बधाई दी।
राठौड़ा शिव मंदिर के पास हुआ पौधरोपण
सेवा संकल्प अभियान के तहत वन विभाग की मिलक रेंज की ओर से राठौड़ा शिव मंदिर के निकट पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रभागीय वनाधिकारी, रेंज अधिकारी मिलक और वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने का संदेश दिया गया।
सात दिवसीय शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण और विभिन्न विभागीय सेवाओं के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई। प्रशासन के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से पात्र लोगों तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।


