सेवा संकल्प अभियान में प्रभारी मंत्री ने मरीजों को बांटे फल

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • जिला अस्पताल में मरीजों का जाना हाल, रक्तदान शिविर का किया निरीक्षण
  • 75 रसोइयों और 75 सफाई कर्मियों का सम्मान, 15 दिव्यांगों को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

रिपोर्ट: शाहबाज़ खां जिला संवाददाता 

रामपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री एवं जनपद प्रभारी धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को जिला अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों को अपने हाथों से फल वितरित किए और अस्पताल में मिल रही उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

मंत्री ने अस्पताल परिसर में मदद एक आस और वीर खालसा समिति की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर का भी निरीक्षण किया। रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान पुनीत कार्य है। जरूरत के समय मरीज को रक्त उपलब्ध कराकर किसी की जिंदगी बचाने में मदद की जा सकती है। उन्होंने समाज के लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर

इसके बाद प्रभारी मंत्री विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सेवा का संकल्प लिया जाए तो उसके आगे कोई विकल्प नहीं होता। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी जरूरत के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।

मंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सेवा और प्रशिक्षण से जुड़े लाभार्थियों को सम्मानित एवं लाभान्वित किया गया।

75 रसोइयों और 75 सफाई कर्मियों को सम्मान

सम्मान समारोह में प्रभारी मंत्री ने सेवा कार्यों में योगदान देने वाले 75 रसोइयों और 75 सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। वहीं 15 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गईं।

एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टेलर और हलवा ट्रेड में प्रशिक्षण लेने वाले 35 लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की गईं।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर उनके दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, पूर्व सांसद घनश्याम लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]