विद्यालयों की सफाई व्यवस्था पर डीएम सख्त, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • ग्राम पंचायतवार 680 सफाईकर्मियों की तैनाती, प्रधानाध्यापक करेंगे प्रतिदिन उपस्थिति का सत्यापन

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सफाईकर्मियों की केवल तैनाती ही नहीं, बल्कि उनकी उपस्थिति, कार्य की गुणवत्ता और नियमित सफाई की प्रभावी निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में ग्राम पंचायतवार 680 सफाईकर्मियों को अस्थायी रूप से तैनात किया गया है। ये सफाईकर्मी प्रतिदिन विद्यालय पहुंचकर स्वच्छता संबंधी कार्य करेंगे।

50 रुपये प्रति घंटे की दर से होगा भुगतान

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित सफाईकर्मियों से सहमति पत्र प्राप्त किया जाए और उनके द्वारा किए गए कार्य के आधार पर 50 रुपये प्रति घंटे की दर से भुगतान किया जाए। भुगतान की प्रक्रिया खंड विकास अधिकारी के माध्यम से ग्राम पंचायतों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

सफाईकर्मियों की प्रतिदिन की उपस्थिति का सत्यापन संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा किया जाएगा। उपस्थिति और किए गए कार्य के सत्यापन के आधार पर ही भुगतान किया जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिदिन उपस्थिति और कार्य की नियमित जांच की जाए तथा किसी भी स्थिति में बिना कार्य के भुगतान न हो।

शौचालयों की रोजाना सफाई पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने विद्यालयों के शौचालयों की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कक्षाओं, विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भी नियमित सफाई कराने को कहा गया, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई व्यवस्था में कमी मिलने पर संबंधित व्यक्ति की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

नगर क्षेत्र के विद्यालयों में भी बनेगी प्रभावी व्यवस्था

नगर क्षेत्र के विद्यालयों की सफाई व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने एडीएम वित्त एवं राजस्व को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और नगरीय दोनों क्षेत्रों के विद्यालयों में सफाई व्यवस्था नियमित, व्यवस्थित और निगरानी योग्य होनी चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आनंद कुमार सिंह, डीसी मनरेगा अमित कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी, जिला पंचायत राज अधिकारी नत्थूलाल सहित समस्त खंड शिक्षा अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]