- भूमि विवाद और अवैध कब्जे की शिकायतों पर पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर निस्तारण के निर्देश
- ‘अंगदान-महादान’ का संदेश लेकर आगे बढ़ा सेवा संकल्प अभियान, डीएम ने दिलाई शपथ
रामपुर। रिपोर्ट—शाहबाज़ ख़ाँ, जिला संवाददाता।
तहसील शाहबाद सभागार में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का तत्परता, समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों एवं जनसमस्याओं का प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
63 शिकायतें प्राप्त, 7 का मौके पर निस्तारण
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 63 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में विद्युत, नगर पालिका, पूर्ति विभाग, खंड विकास, लोक निर्माण विभाग, राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित मामले शामिल रहे।
भूमि विवाद एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
‘अंगदान-महादान’ की दिलाई शपथ
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत अधिकारियों एवं आमजन को ‘अंगदान-महादान’ की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद अंगदान के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अंगदान के प्रति जागरूक होने और इस पुनीत कार्य में सहभागिता करने का आह्वान किया।
अन्य तहसीलों में भी हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
तहसील सदर में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 3 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील टाण्डा में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनन्द कुमार सिंह की अध्यक्षता में 15 शिकायतें प्राप्त हुईं और 4 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील स्वार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. नितिन मदान की अध्यक्षता में 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 4 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील बिलासपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 15 शिकायतें प्राप्त हुईं और 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं तहसील मिलक में 9 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया गया।
विजुअल: सम्पूर्ण समाधान दिवस, अधिकारियों द्वारा शिकायतें सुनते हुए, फरियादी एवं अंगदान शपथ कार्यक्रम।
बाइट: अजय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी रामपुर।


