- मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने अंबेडकर पार्क से हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, हॉकी और योगासन प्रतियोगिताओं का भी हुआ आयोजन
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर रामपुर में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में करीब 400 प्रतिभागियों ने दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने अंबेडकर पार्क से हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ अंबेडकर पार्क से शुरू होकर गांधी समाधि पर संपन्न हुई। इसमें पंचायती राज विभाग, युवा कल्याण विभाग, खेल विभाग के हॉकी छात्रावास के खिलाड़ियों, खेलो इंडिया एथलेटिक सेंटर के प्रशिक्षार्थियों और अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के संकल्प को दोहराने का अवसर है। सभी नागरिकों को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम का संयुक्त नेतृत्व जिला पंचायत राज अधिकारी नत्थू लाल सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी बृजेश बिश्नोई तथा प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी संतोष कुमार ने किया। आयोजन में पुलिस विभाग ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
वहीं, बमनपुरी स्पोर्ट्स स्टेडियम में बालक एवं बालिका वर्ग की सेवन-ए-साइड हॉकी प्रतियोगिता और योगासन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और खेल भावना के माध्यम से एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में योगासन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार सिंह, खेलो इंडिया के प्रशिक्षक सौरभ कुमार, अमरपाल यादव सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



