- नौ साल से लापता बालिका सकुशल बरामद, एएचटीयू टीम सम्मानित
- अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
- उत्कृष्ट पैरवी करने वाले पैरोकारों को भी प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार
शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक के साथ रिजर्व पुलिस लाइन में अपराध गोष्ठी आयोजित कर जनपद की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। गोष्ठी में आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, प्रचलित पुलिस अभियानों, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा साइबर अपराधों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया।
मिशन वात्सल्य के तहत मिली बड़ी सफलता
अपराध गोष्ठी के बाद मिशन वात्सल्य अभियान के अंतर्गत गुमशुदा बालक-बालिकाओं की बरामदगी के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए एएचटीयू थाना प्रभारी एवं उनकी टीम को सम्मानित किया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना शाहबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 457/2016, धारा 363, 366 व 506 भादंवि से संबंधित वर्ष 2016 से गुमशुदा चल रही बालिका को एएचटीयू टीम ने सकुशल बरामद किया। करीब नौ वर्ष पुराने मामले में बालिका की बरामदगी को पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
पैरोकारों का भी बढ़ाया उत्साह
मामले में प्रभावी पैरवी करने वाले संबंधित थाने के पैरोकारों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित पुलिसकर्मियों एवं पैरोकारों के कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी तरह कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने की अपेक्षा जताई।


