- राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज में मद्यनिषेध विभाग ने आयोजित किए जागरूकता कार्यक्रम
- जूनियर और सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, दौड़ व भाषण प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह
नेशन स्टेशन न्यूज़
रामपुर, उत्तर प्रदेश।
नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को रामपुर शहर स्थित राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मद्यनिषेध विभाग की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के लिए दौड़ और भाषण प्रतियोगिताएं कराई गईं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जूनियर एवं सीनियर वर्ग में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ के साथ भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के परिणामों में जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शिवा ने प्रथम, विशेष कुमार ने द्वितीय और प्रिंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, सीनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अचिन माहौर प्रथम, अनुभव द्वितीय तथा जगवीर तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग की 200 मीटर दौड़ में राज ने प्रथम स्थान हासिल किया।
भाषण प्रतियोगिता में फैजान ने प्रथम, अब्दुल रहीम ने द्वितीय और अंश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने अपने विचारों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त समाज की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
आयोजकों ने प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवाओं की जागरूकता और सहभागिता से ही नशामुक्त समाज के लक्ष्य को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य शिक्षा, धर्मेंद्र कुमार, सुशील कुमार पांडेय, संजीव कुमार वर्मा, चमन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


