- सपा सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने पत्रकार के सवाल पर जताई नाराजगी, बोले—शब्द वापस लो, किसी समुदाय का मजाक बनाना उचित नहीं
- 2027 को लेकर बोले—यूपी में चल रही सपा की आंधी, इंडिया गठबंधन-PDA की सरकार बनाने का दावा
रामपुर। समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर रामपुर पहुंचे सपा सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने अपने कैंप कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान एक पत्रकार के सवाल में ‘अब्दुल’ शब्द के इस्तेमाल पर सांसद ने कड़ा एतराज जताया। वह सवाल पर नाराज हो गए और पत्रकार से अपने शब्द वापस लेने को कहा।
सांसद ने कहा कि किसी पूरे समुदाय के लिए ‘अब्दुल’ जैसे शब्द का इस्तेमाल कर उसका मजाक बनाना या उसे कमतर आंकना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के गठन और संघर्ष में अलग-अलग वर्गों के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में किसी समुदाय को लेकर ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
अखिलेश यादव के कद को छोटा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं
सांसद नदवी ने दावा किया कि आज समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के राजनीतिक कद को छोटा करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चुनाव और वोटों के मुद्दे पर भी चुनाव आयोग तथा भाजपा पर गंभीर सवाल उठाए। सांसद ने आरोप लगाया कि ‘वोटों की चोरी’ के बाद बनी सरकारों की वैधता पर भी सवाल खड़े होते हैं। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
2027 में सपा की आंधी का दावा, टिकट के दावेदारों को दिया संदेश
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सपा की आंधी चल रही है और इंडिया गठबंधन तथा PDA की सरकार बनाने का लक्ष्य है।
रामपुर में पार्टी की लीडरशिप को लेकर भी नदवी ने स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब कमरे में बैठकर यह तय करने का दौर नहीं है कि कौन चुनाव लड़ेगा। जो लोग चुनाव लड़ना चाहते हैं, उन्हें जनता के बीच जाना होगा और जनता का समर्थन हासिल करना होगा। इसके बाद पार्टी यह तय करेगी कि कौन चुनाव लड़ने के लिए सक्षम है।
बाइट: मोहिब्बुल्लाह नदवी, सांसद रामपुर — 1, 2, 3, 4, 5


