- मेधावी छात्राओं ने सुनीं पीड़ितों की समस्याएं, कुछ शिकायतों का मौके पर कराया निस्तारण
- मिशन शक्ति फेज-6 के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की पहल
रामपुर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के अंतर्गत रामपुर पुलिस ने महिला एवं बालिका सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक पहल की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में दो मेधावी छात्राओं को एक दिन के लिए पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझने के साथ पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं।
थाना टांडा क्षेत्र के ग्राम अलीपुरा निवासी वीर सिंह की मेधावी पुत्री मोनिका चौधरी को एक दिन की क्षेत्राधिकारी टांडा बनाया गया। वहीं, ग्राम जालपुर निवासी धर्मवीर सिंह की पुत्री एवं सावित्री देवी डिग्री कॉलेज की मेधावी छात्रा पारसी दिवाकर को एक दिन के लिए थाना प्रभारी टांडा की जिम्मेदारी सौंपी गई।
शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए निर्देश
जिम्मेदारी संभालने के बाद मोनिका चौधरी और पारसी दिवाकर ने अपने-अपने कार्यालयों में आए पीड़ितों एवं शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान कुछ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना उद्देश्य
मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करना है। इसके साथ ही उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया से परिचित कराना भी इस पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
रामपुर पुलिस की इस पहल से छात्राओं को प्रशासनिक जिम्मेदारियों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त बनाने और उन्हें समाज में अपनी प्रभावी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com


