- नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का दिया संदेश, हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।
रामपुर। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत रामपुर पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। एसपी रामपुर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर जनपद में जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया। इसमें छात्राओं, पुलिसकर्मियों, संभ्रांत व्यक्तियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संकल्प लिया।
पैदल मार्च के माध्यम से आमजन को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन का संदेश दिया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बैनर, पोस्टर और पंपलेट के जरिए महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी, उत्पीड़न पर चुप न रहने की अपील
रामपुर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। पुलिस ने अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में महिलाएं और छात्राएं बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करें।
जागरूकता कार्यक्रम में प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। इनमें 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, महिलाओं एवं बालिकाओं के कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय समय रहते सहायता लें। मिशन शक्ति 6.0 के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में महिला सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।


