- 92 करोड़ के सद्भावना मंडप को जल्द शुरू कराने के निर्देश, ट्रांजिट हॉस्टल में मिलीं निर्माण संबंधी कमियां
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। मंडलायुक्त संगीता सिंह ने गुरुवार को जनपद में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सद्भावना मंडप (सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र) और पुलिस लाइन स्थित जी+12 ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और मानकों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के साथ निर्माण गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
सद्भावना मंडप जल्द होगा कार्यशील
मंडलायुक्त ने 92 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सद्भावना मंडप का निरीक्षण कर उसकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र को शीघ्र कार्यशील कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी गाइडलाइन या अन्य प्रावधान के कारण केंद्र के संचालन में कोई बाधा उत्पन्न हो रही है तो संबंधित स्तर पर पत्राचार कर उसका समाधान कराया जाए, ताकि इसका उपयोग जल्द शुरू किया जा सके।
ट्रांजिट हॉस्टल में पुट्टी निकलने पर जताई नाराजगी
इसके बाद मंडलायुक्त ने पुलिस लाइन स्थित जी+12 ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। परियोजना की पुनरीक्षित लागत 27.34 करोड़ रुपये है। निरीक्षण के दौरान भवन के कुछ हिस्सों में पुट्टी निकलने के साथ ही निर्माण सामग्री के निर्धारित मानकों से जुड़ी कमियां सामने आईं।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कमियों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगणन के अनुसार निर्धारित गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री का ही प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो और सभी निर्धारित मानकों का पालन कराया जाए।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


