- तमंचा दिखाकर ताला तोड़ने का आरोप, घटना का वीडियो होने का दावा
- कोर्ट में मामला विचाराधीन, पीड़ित ने आदेश के बावजूद कब्जे की कोशिश का लगाया आरोप
रिपोर्ट: शाहबाज खां, रामपुर
रामपुर। थाना अजीमनगर क्षेत्र के खौद गांव निवासी आकाश ने बुधवार को जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी को प्रार्थना पत्र देकर अपने मकान पर कथित कब्जे के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
आकाश का आरोप है कि उसके मकान पर कुछ लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उसने दावा किया कि मकान में लगे ताले को तमंचा दिखाकर तोड़ा गया। पीड़ित के मुताबिक, ताला तोड़ने की घटना का वीडियो भी उसके पास मौजूद है।
पीड़ित ने बताया कि मकान को लेकर सिविल कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है। उसके अनुसार न्यायालय ने उसके पक्ष में स्टे आदेश दिया है, जिसमें मकान की स्थिति यथावत रखने तथा किसी प्रकार का निर्माण या अन्य कार्य नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। आकाश का आरोप है कि इसके बावजूद मकान पर कब्जे की कोशिश की जा रही है।
पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
आकाश का कहना है कि वह मकान में नहीं रहता और वहां हमेशा ताला लगा रहता है। आरोप है कि उसके बाहर होने के दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का ताला तुड़वाकर दूसरे पक्ष को कब्जा दे दिया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उसे थाने ले गई और करीब एक घंटे तक बैठाए रखा। इसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके घर पर मौजूद पत्नी, बच्चों और मां को भी दूसरे पक्ष के लोगों ने धमकाया। उसका दावा है कि कुछ लोग पिस्तौल लेकर उसके घर पहुंचे थे और इस संबंध में उसके पास ऑडियो व वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है।
आकाश के मुताबिक, उसने पुलिस अधिकारियों और थाने में भी उपलब्ध वीडियो दिखाकर शिकायत की, लेकिन अभी तक उसकी अपेक्षा के अनुरूप कार्रवाई नहीं हुई है।
दस्तावेज होने का दावा, निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित ने बताया कि उसके पास जमीन और मकान से संबंधित दस्तावेज, खसरा, नक्शा, बिजली का मीटर सहित अन्य कागजात मौजूद हैं। उसने गौरव, करण और रमेश समेत कुछ लोगों पर मकान पर कब्जे का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
आकाश ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने तथा आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है
बाइट: आकाश, पीड़ित


