जमीन की रंजिश में हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • सिविल लाइंस पुलिस ने एक प्रकाश में आए आरोपी समेत तीन वांछितों को दबोचा, चाकू और खुखरी बरामद

रामपुर। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने हत्या के एक मामले में कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों में एक का नाम विवेचना के दौरान प्रकाश में आया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू और एक खुखरी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार वादी ने थाना सिविल लाइंस में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नरपत और मक्खन निवासी पंजाब नगर, सिविल लाइंस ने जमीन की रंजिश को लेकर उसके पिता की गला रेतकर हत्या कर दी। इस मामले में थाना सिविल लाइंस पर मु0अ0सं0 420/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना में बंशीधर का नाम आया प्रकाश में

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्य संकलन किया, जिसमें बंशीधर पुत्र कल्याण सिंह निवासी पंजाब नगर का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद मुकदमे में धारा 61(2)(A) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान मुरादाबाद-बरेली हाईवे पर ग्राम नवीगंज फ्लाईओवर के पास से तीनों आरोपियों—नरपत, मक्खन और बंशीधर को गिरफ्तार किया गया।

निशानदेही पर चाकू और खुखरी बरामद

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों में नरपत और बंशीधर की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू और एक खुखरी बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक द्वारा बंशीधर को विश्वास में लेकर उसकी जमीन कम कीमत पर खरीदने और कथित रूप से पैसे नहीं देने को लेकर विवाद था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया।

[wps_visitor_counter]