अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, 27.84 लाख रुपये का अर्थदंड

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • डीएम के निर्देश पर कार्रवाई तेज, अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान जारी

रामपुर। रिपोर्ट—शाहबाज़ खां, जिला संवाददाता।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन, खनिजों के अनधिकृत उत्खनन एवं परिवहन तथा ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभिन्न तहसीलों में सामने आए अवैध खनन के मामलों की जांच और स्थलीय निरीक्षण के बाद दोषी पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध कुल 27 लाख 84 हजार 60 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।

प्रशासन की कार्रवाई में साधारण मिट्टी, साधारण बालू और आईबीएम खनिज से जुड़े अवैध खनन के विभिन्न मामले शामिल हैं। संबंधित उप जिलाधिकारियों की आख्या, स्थलीय निरीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अर्थदंड अधिरोपित किया गया।

चेक पोस्ट से गायब मिला लेखपाल, एक दिन का वेतन काटा

अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर निगरानी के लिए बनाए गए चेक पोस्टों पर भी प्रशासन की सख्ती जारी है। इसी क्रम में दढ़ियाल तिराहा चेक पोस्ट के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात लेखपाल कुंदन सिंह, तहसील टांडा अनुपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ पाया गया।

लेखपाल की ड्यूटी रात 2 बजे से सुबह 8 बजे तक निर्धारित थी। निर्धारित समय में ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित रहने को गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रशासन ने उनका एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की है। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

डीएम का स्पष्ट निर्देश—ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। चेक पोस्टों पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय में अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहें तथा वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करें।

डीएम ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन का अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

बाइट: अजय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी रामपुर

[wps_visitor_counter]