- प्रभावित किसानों से किया संवाद, शासन के मानकों के अनुसार मुआवजा देने का आश्वासन
रामपुर। जिले में 9 अक्टूबर को हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में धान और गन्ने की फसल प्रभावित होने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई स्थानों पर ओलावृष्टि के कारण फसलें खेतों में बिछ गईं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है।
फसल क्षति की स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और मंत्री बलदेव सिंह औलख ने तहसील बिलासपुर क्षेत्र के प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने फूलसूंगी, फूलसूंगा, बिजली फार्म, विवर सहित अन्य प्रभावित गांवों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान की स्थिति देखी।
जन चौपाल में सुनी किसानों की समस्याएं
निरीक्षण के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में जन चौपाल आयोजित कर किसानों से संवाद किया गया। किसानों ने बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं। प्रशासन की ओर से किसानों को आश्वस्त किया गया कि शासनादेश में निर्धारित मानकों के अनुसार फसल क्षति का आकलन कराया जाएगा और नियमानुसार मुआवजा वितरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फसल नुकसान से किसानों की बढ़ी चिंता
धान और गन्ने की फसल प्रभावित होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट की आशंका बढ़ गई है। किसानों को अब फसल क्षति के सही आकलन और मुआवजे की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया है।


