- थाना गंज क्षेत्र के काशीपुर आंगा में मारपीट का मामला, पीड़ित फहीम ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
- जान-माल का खतरा बताकर उच्चाधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।
रामपुर। जनपद के थाना गंज क्षेत्र के काशीपुर आंगा में आपसी विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित फहीम का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे फोन करके बुलाया और मौके पर पहुंचते ही घेरकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित फहीम के मुताबिक, मारपीट की घटना में उसे गंभीर चोटें आई हैं। मामले को लेकर उसने थाना गंज में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि तहरीर दिए जाने के 24 घंटे बाद भी पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
फहीम ने रामपुर पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसे और उसके परिवार को आरोपियों से जान-माल का खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने उच्च पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस कब तक कार्रवाई करती है? क्या मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय मिल पाएगा? फिलहाल, मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।



