- मिठाई और दूध समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे गए, मिलावटखोरों पर कार्रवाई की तैयारी
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जनपद में विशेष छापामार अभियान चलाकर मिठाई और दूध समेत पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। वहीं, शाहबाद क्षेत्र में करीब 350 लीटर दूषित मिश्रित दूध नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II मनोज कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने तहसील सदर के बगड़खां स्थित कृष्णा फैन्सी स्वीट्स से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया। इसके अलावा शहजादनगर स्थित उस्मान अली स्वीट्स शॉप से रंगीन पेठा और खोया के नमूने संग्रहीत किए गए।
वहीं, शाहबाद के जयतौली रोड स्थित अम्बेडकर पार्क के पीछे आलिम एवं अकबर के यहां से मिश्रित दूध के दो नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शहाबुद्दीन दोस्त ने नायब तहसीलदार और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए लगभग 350 लीटर दूषित मिश्रित दूध नियमानुसार नष्ट कराया।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य विभाग की टीम ने अभियान के दौरान लिए गए सभी पांच नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट की प्रकृति के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने मिठाई विक्रेताओं और खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी है कि अत्यधिक कृत्रिम रंगों से तैयार मिठाइयों की बिक्री न करें और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएं। विभाग ने साफ किया है कि दीपावली तक मिलावट के खिलाफ छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण मौजूद रहे।



