- रामपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम अजय कुमार द्विवेदी सख्त, 406 नमूनों की जांच में 79 खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे नहीं उतरे
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। त्योहारों के सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर अब प्रशासन की नजर रहेगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छ तरीके से बिक्री को लेकर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जाए और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने खुले में नॉनवेज खाद्य पदार्थों की बिक्री पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर नमूने लिए जाएं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियोग दर्ज कराए जाएं।
406 नमूनों में 79 जांच में फेल, 1,313 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 अक्टूबर 2026 तक विभागीय कार्रवाई का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। इसके मुताबिक खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में 1,313 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 161 छापेमारी करते हुए कुल 406 खाद्य नमूने एकत्र किए। इनमें 194 विधिक और 212 सामान्य नमूने शामिल हैं।
प्रयोगशाला से प्राप्त 179 जांच रिपोर्टों में 79 नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। यह आंकड़ा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर निगरानी और नियमित जांच की जरूरत को भी सामने लाता है।
इस मामले में 23 वाद न्याय निर्णायक अधिकारी के न्यायालय में दायर किए गए, जबकि 15 वादों में कुल 2 लाख 55 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
जिले में 1,498 लाइसेंस और 10,426 पंजीकरण जारी
खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस एवं पंजीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जा रही है। बैठक में बताया गया कि जनपद में अब तक 1,498 लाइसेंस और 10,426 पंजीकरण जारी किए जा चुके हैं।
डीएम की कारोबारियों और उपभोक्ताओं को दो टूक
जिलाधिकारी ने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावट के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए लापरवाही करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं आमजन से अपील की कि मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, स्वच्छता और उपयोग की अंतिम तिथि जरूर जांचें। कहीं भी मिलावट या अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री दिखाई देने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम, सीओ सिटी, सहायक आयुक्त खाद्य, खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी और खाद्य व्यापारी मौजूद रहे।



