रामपुर के 3,172 किसानों को ₹1.65 करोड़ से अधिक की राहत, कृषि निवेश अनुदान स्वीकृत

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • ओलावृष्टि से फसल नुकसान का जल्द सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने के निर्देश
  • फसल बीमा के लंबित दावों का शीघ्र भुगतान कराने पर जोर, विकास भवन में किसानों को वितरित किए गए राहत सहायता के चेक

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता

रामपुर। प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति का सामना करने वाले रामपुर जिले के किसानों के लिए राहत की खबर है। जिले के 3,172 प्रभावित किसानों के लिए कुल 1 करोड़ 65 लाख 70 हजार 844 रुपये की कृषि निवेश अनुदान सहायता स्वीकृत की गई है। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख और शहर विधायक आकाश सक्सेना ने मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की उपस्थिति में किसानों को राहत सहायता के चेक वितरित किए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर बाढ़, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराने के क्रम में यह कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील स्तर से प्राप्त फसल क्षति के विवरणों का सत्यापन कर पात्र किसानों को राहत देने की प्रक्रिया पूरी की गई।

छह तहसीलों के किसानों को मिलेगी राहत

जिले की सभी छह तहसीलों से प्राप्त एवं सत्यापित आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 1,147 किसान मिलक तहसील के हैं। अन्य तहसीलों में सदर के 778, शाहबाद के 545, बिलासपुर के 516, टांडा के 175 और स्वार के 11 किसान शामिल हैं। इन सभी 3,172 किसानों के लिए कुल 1,65,70,844 रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है।

इस आर्थिक सहायता से प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को राहत मिलेगी। साथ ही उन्हें आगामी कृषि गतिविधियों के लिए जरूरी संसाधन जुटाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जल्द सर्वे कराने के निर्देश

कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने तीन दिन पहले हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जांच के बाद पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए और राहत कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

उन्होंने फसल बीमा कंपनियों को किसानों के लंबित बीमा दावों का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और कृषि विभाग के अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में फसल क्षति के मामलों की नियमित निगरानी करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना समेत संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने को कहा।

शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को होने वाले नुकसान को गंभीरता से लेते हुए सरकार नियमानुसार राहत उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि फसल क्षति का आकलन होने के बाद पात्र किसानों को यथाशीघ्र सहायता राशि दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आनंद कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक रामकिशन सिंह, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा सहित विभिन्न तहसीलों के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]